महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस ने बनाई संघर्ष की रणनीति, आंदोलन का ऐलान
टाईम्स आफ कुशीनगर ब्यूरों
सलेमपुर,देवरिया। ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय पर शुक्रवार को आयोजित बैठक में कांग्रेस नेताओं ने महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। बैठक में संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन चलाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ाकर आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डाला गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, लेकिन जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही।
ब्लॉक अध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ कमेटियों का गठन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को लेकर जल्द ही कांग्रेस आंदोलन करेगी।
युवा कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सत्यम पांडेय ने कहा कि मौजूदा समय में युवाओं और छात्रों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बेरोजगारी कम नहीं हो रही और बढ़ती शिक्षा फीस के कारण गरीब व कमजोर वर्ग के बच्चे उच्च शिक्षा से दूर हो रहे हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. याहिया अंजुम ने कहा कि अब सरकार बदलने का समय आ गया है। बैठक के अंत में वी डी सतीशन को केरल का मुख्यमंत्री बनने पर बधाई भी दी गई।
इस दौरान सत्यवान पांडेय, अशोक कुमार, परमानंद प्रसाद, मोहन प्रसाद, मिठाई लाल, मणिप्रकाश पांडेय, नासिर खान, गंगासागर मिश्र, अवधेश यादव, अवधेश पांडेय, रामकेवल चौहान, चंद्रिका मिश्र और प्रमोद श्रीवास्तव सहित कई लोग मौजूद रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

.jpeg)
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR