महदेवा गांव में विवाहिता की संदिग्ध मौत,
पति समेत चार पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज
छह वर्ष पहले हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार कुशीनगर जनपद के विशुनपुरा निवासी पुनिता गौतम गौड़ की पुत्री अनुक्रिती की शादी 13 जून 2020 को महदेवा गांव निवासी मुकेश गौड़ के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि विवाह के दौरान उनकी क्षमता के अनुसार दान-दहेज दिया गया था।
अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप के मुताबिक पति मुकेश गौड़, सास पूनम, ससुर सुमेर गौड़ तथा देवर मुन्ना गौड़ द्वारा मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। अनुक्रिती ने कई बार मायके पहुंचकर तथा फोन के माध्यम से परिजनों को अपनी परेशानी बताई थी।
फांसी की सूचना के बाद हत्या का आरोप
तहरीर के अनुसार शनिवार दोपहर करीब तीन बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि अनुक्रिती ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने पर जब मायके पक्ष के लोग महदेवा पहुंचे तो उन्होंने आरोप लगाया कि अनुक्रिती की गला दबाकर हत्या की गई है और मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चार लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की मां की तहरीर के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर: रणजीत मोदनवाल
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR