महराजगंज में पुलिस व्यवस्था को मिली मजबूती, 6 नई पीआरबी गाड़ियां हुईं शामिल
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज ।जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को 6 नई पीआरबी (112) गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद इन वाहनों को अलग-अलग थानों को आवंटित किया गया।
नई गाड़ियों को थाना चौक, कोठीभार, निचलौल, पनियरा और बृजमनगंज सहित कुल 6 थानों में तैनात किया गया है। इन वाहनों के जुड़ने से आपातकालीन स्थितियों में पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और तेज होगी, जिससे आम जनता को समय पर सहायता मिल सकेगी। इससे अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था और जनसुरक्षा को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि हाल ही में जनपद को 21 पीआरबी गाड़ियां मिली थीं। इन 6 नई गाड़ियों के शामिल होने के बाद अब जिले में पीआरबी वाहनों की कुल संख्या बढ़कर 27 हो गई है।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन को त्वरित सहायता प्रदान करना और हर स्थिति में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
साथ ही उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, 112 कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने, रात्रि चेकिंग अभियान को सक्रिय रखने और महिला सुरक्षा के लिए 'मिशन शक्ति' को और प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR