विकलांग रिक्शा चालक से मारपीट का मामलाः आरोपी पर मुकदमा दर्ज, हेड कांस्टेबल निलंबित
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के थाना घुघली क्षेत्र अंतर्गत पकड़ी सिसवा चौराहे पर एक विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना 26 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे की है, जब सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची।जानकारी के अनुसार, पकड़ी सिसवा निवासी रामउग्रह, जो स्वयं भी रिक्शा चालक है, शराब के नशे में भकोल शर्मा (लगभग 50 वर्ष) नामक विकलांग रिक्शा चालक के साथ मारपीट कर रहा था। सूचना पर पहुंचे हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह ने दोनों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पुलिसकर्मी से ही उलझ गया और दुर्व्यवहार करने लगा।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रामउग्रह को हिरासत में लेकर थाना घुघली लाया। पीड़ित भकोल शर्मा की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मु०अ०सं० 0083/2026 के तहत धारा 115 (2), 351(3), 352 और 324 (2) बीएनएस के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इसी बीच घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें पुलिस कार्रवाई के दौरान की स्थिति दिखाई दे रही है। वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने मामले को गंभीरता से लिया और अशोभनीय व्यवहार के आरोप में हेड कांस्टेबल विनय कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिसकर्मियों को अपने आचरण की मर्यादा का पालन करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या अशोभनीय व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR