महराजगंज के नए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने संभाला कार्यभार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के नए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की, जिसमें शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी सोगरवाल ने कहा कि जनोन्मुखी योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की पारदर्शी और समयबद्ध डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत संचालित 'लखपति दीदी' योजना को विशेष रूप से महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण सरकार की प्रमुख मंशा है और इस दिशा में गंभीरता से कार्य किया जाना चाहिए।
नगर विकास को लेकर जिलाधिकारी ने स्वच्छ सर्वेक्षण को प्राथमिकता के साथ लागू करने और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। साथ ही जल संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़कर इसे जन अभियान बनाने का आह्वान किया।
राजस्व वादों के निस्तारण को शीर्ष प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने जनसुनवाई को प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने पर भी जोर देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की जिम्मेदारी है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने अधिकारियों से टीम भावना के साथ कार्य करने और जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने का आह्वान किया।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR