कुशीनगर: तमकुहीराज में भाजपा सभासद और जगद्गुरु के बीच तीखी बहस, माहौल हुआ गर्म
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
कुशीनगर। तमकुहीराज में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा के एक सभासद और जगद्गुरु शंकराचार्य के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला नगर पंचायत स्थित राम-जानकी मंदिर परिसर का है, जहां दोनों पक्षों के बीच बयानबाज़ी ने विवाद का रूप ले लिया।
जानकारी के अनुसार, धर्म यात्रा के तहत पहुंचे जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद जी महाराज का काफिला जब राम-जानकी मंदिर परिसर में रुका, तो उन्होंने अपने संबोधन के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में गौहत्या की घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार इस पर प्रभावी नियंत्रण करने में विफल साबित हो रही है।
जगद्गुरु के इस बयान पर मौके पर मौजूद भाजपा के मनोनीत सभासद प्रदीप श्रीवास्तव ने कड़ा विरोध जताया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गोवंश पूरी तरह सुरक्षित है और इस तरह के आरोप निराधार एवं भ्रामक हैं।
इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस देखने को मिली, जिससे कुछ देर के लिए माहौल गर्म और तनावपूर्ण हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि जगद्गुरु शंकराचार्य अपनी धर्म यात्रा के तहत विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं और इसी क्रम में उनका आगमन कुशीनगर में हुआ। इस बीच, उनके द्वारा कथित रूप से “एक वोट, एक नोट” की अपील ने भी नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि धार्मिक गुरुओं को राजनीति से दूर रहकर केवल धर्म और आस्था से जुड़े विषयों तक ही सीमित रहना चाहिए।
फिलहाल, इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक और धार्मिक दोनों ही स्तरों पर हलचल पैदा कर दी है। अब देखना होगा कि यह विवाद आगे क्या मोड़ लेता है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR