फाजिलनगर उपचुनाव: शांतिपूर्ण मतदान के लिए डीएम-एसपी मुस्तैद, बूथों का किया सघन निरीक्षण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर |

कुशीनगर। नगर पंचायत फाजिलनगर अध्यक्ष पद के उपचुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मंगलवार को मतदान के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर और पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने थाना पटहेरवा क्षेत्र के विभिन्न पोलिंग बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने सुरक्षा व्यवस्था, मतदाता सुविधाओं, मतदान प्रक्रिया तथा ड्यूटी पर तैनात कर्मियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और मतदान कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और व्यवस्थित होनी चाहिए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर विशेष ध्यान देते हुए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और तैनात पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने मतदान कर्मियों को मतदाताओं के साथ शालीन व्यवहार करने और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा ड्यूटी में लगे जवानों को लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने को कहा।

प्रशासन की सक्रियता का असर बूथों पर स्पष्ट रूप से देखने को मिला, जहां मतदाता निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होता रहा।

प्रशासन के अनुसार, पूरे निर्वाचन क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से जारी रही और इसे सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए।