खुले नाले में गिरकर युवक की मौत, ठेकेदार फर्म पर मुकद्दमा दर्ज

खुले नाले में गिरकर युवक की मौत, ठेकेदार फर्म पर मुकद्दमा दर्ज

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, 
गोरखपुर।असुरन-पिपराईच फोरलेन चौड़ीकरण कार्य के दौरान खुले नाले में गिरकर एक व्यक्ति की मौत के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी गोरखपुर ने बताया कि लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड तृतीय द्वारा सड़क के दोनों किनारों पर नाले का निर्माण कराया जा रहा है।
मंगलवार 12 मई 2026 को पादरी बाजार पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर आगे असुरन-पिपराईच मार्ग किनारे बने खुले नाले में एक व्यक्ति के गिरने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू करा दी है।

प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार फर्म सीएलआईएल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वहीं मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग ने अवर अभियंता डीके सिंह को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही सहायक अभियंता रंजन सिंह के खिलाफ नियम-7 के तहत विभागीय कार्रवाई तथा प्रभारी अधिशासी अभियंता ध्रुव अग्रवाल से स्पष्टीकरण लेने के लिए मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को हरसंभव शासकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मामले की विस्तृत जांच के लिए अपर जिलाधिकारी नगर एवं अधीक्षण अभियंता पीडब्ल्यूडी के नेतृत्व में जांच समिति गठित की गई है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ