खेलते-खेलते लापता दो सगे भाइयों की गड्ढे में डूबकर मौत, इलाके में मातम
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । कोतवाली थाना क्षेत्र के चेहरी स्थित महलगंज में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेलते-खेलते लापता हुए दो सगे भाइयों के शव देर रात पानी से भरे गड्ढे से बरामद हुए। दोनों मासूमों की मौत डूबने से हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
काम पर गए थे माता-पिता
जानकारी के अनुसार, बागापार के कटहरा टोला बीट नर्सरी निवासी डब्लू साहनी अपने परिवार के साथ महलगंज में किराए के मकान में रहते हैं। मंगलवार को पति-पत्नी दोनों काम पर गए थे। शाम करीब 5 बजे जब वे घर लौटे, तो उनके बेटे राज (5) और आयुष (4) घर के पास ईंट भट्ठे के समीप खेलते नजर आए।
अचानक गायब हुए बच्चे, शुरू हुई तलाश
कुछ देर बाद जब दोनों बच्चे दिखाई नहीं दिए, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। आसपास काफी खोजबीन के बावजूद कोई पता नहीं चल सका। देर रात तक बच्चों का सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई।रात 11 बजे गड्ढे में मिले शव
सूचना मिलते ही कोतवाली एवं पकड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सर्च अभियान चलाया। ईंट भट्ठे के पास पानी से भरे गड्ढे में रात करीब 11 बजे दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निर्भय सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR