अभियोजन कार्यों को सुदृढ़ बनाने के लिए एसपी ने की समीक्षा बैठक, लापरवाही पर
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। अभियोजन कार्यों को प्रभावी और मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। यह गोष्ठी पुलिस कार्यालय स्थित तथागत सभागार में संपन्न हुई, जिसमें सभी थानों के सत्र न्यायालय एवं अवर न्यायालय के पैरोकार शामिल हुए।
बैठक के दौरान वर्ष 2025 और 2026 की काज लिस्ट तथा पैरवी रजिस्टर में दर्ज प्रविष्टियों की गहन समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने न्यायालयों में लंबित मामलों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अभियोजन से जुड़े साक्ष्यों की समय पर उपलब्धता, गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने और मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने सभी पैरोकारों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि न्यायालयी कार्यवाही में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके साथ ही अभिलेखों के अद्यतन रख-रखाव और प्रभावी अनुश्रवण पर भी विशेष बल दिया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को अभियोजन कार्यों में और अधिक सुधार लाने के लिए प्रेरित किया गया।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR