टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
कुशीनगर।तहसील तमकुहीराज के सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक केशव कुमार की उपस्थिति में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, वन विभाग सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों की मौके पर जांच कर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद एवं पारिवारिक मामलों जैसे संवेदनशील प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग के समन्वय से त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया।सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 58 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 25, पुलिस विभाग से 14, विकास विभाग से 05 तथा अन्य विभागों से जुड़े 14 प्रकरण शामिल रहे। इनमें से 06 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए तथा जनसमस्याओं के समाधान में पूर्ण जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा, परियोजना निदेशक पीयूष, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, उप कृषि निदेशक, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं तहसील स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
.jpeg)

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR