एम्स गोरखपुर में जीन अभिव्यक्ति विश्लेषण पर व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित



शोधकर्ताओं एवं विद्यार्थियों को आधुनिक आणविक तकनीकों का दिया गया प्रशिक्षण

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, 

गोरखपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान गोरखपुर (एम्स गोरखपुर)  की बहुविषयक अनुसंधान इकाई द्वारा स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सहयोग से 15 मई 2026 को अनुसंधान इकाई सभागार में “रीयल-टाइम पीसीआर द्वारा जीन अभिव्यक्ति विश्लेषण” विषय पर व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यशाला का आयोजन मेजर जनरल डॉ. विभा दत्ता के मार्गदर्शन एवं संरक्षण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शोधकर्ताओं, अध्यापकों, चिकित्सकीय प्रशिक्षुओं एवं विद्यार्थियों की अनुसंधान क्षमता को सुदृढ़ करना तथा उन्हें आधुनिक आणविक तकनीकों का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना रहा।

कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को आरएनए पृथक्करण, पूरक डीएनए निर्माण, रीयल-टाइम पीसीआर परीक्षण तथा आणविक आंकड़ों के विश्लेषण की उन्नत तकनीकों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही प्रयोगात्मक प्रक्रियाओं की बारीकियों से भी अवगत कराया गया, जिससे प्रतिभागी अनुसंधान कार्यों में इन तकनीकों का प्रभावी उपयोग कर सकें।

विशेषज्ञ व्याख्यान एवं प्रयोगात्मक सत्रों का संचालन डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. शैलेंद्र द्विवेदी, डॉ. अतुल रुकाडीकर, डॉ. मंतव्य सिंह तथा डॉ. सुखवीर सिंह द्वारा किया गया। विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को जीन अभिव्यक्ति अध्ययन एवं आणविक अनुसंधान से जुड़ी नवीनतम प्रक्रियाओं की जानकारी देते हुए अपने अनुभव साझा किए।

यह कार्यशाला चिकित्सा एवं जैविक अनुसंधान के क्षेत्र में उभरते शोधकर्ताओं को नई तकनीकों से जोड़ने तथा अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।



रिपोर्टर: सुब्रत पाण्डेय

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ