आईएफएस चयनित अनुराग का अपने मूल ग्राम भैंसही में प्रथम आगमन पर हुआ नागरिक अभिनंदन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरोभाटपाररानी/बनकटा, देवरिया। देवरिया जनपद के बनकटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भैंसही निवासी अनुराग द्विवेदी के भारतीय वन सेवा (आईएफएस) में चयन के उपरांत उनके प्रथम गृह आगमन पर मंगलवार को भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े अनुराग की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।मंगलवार 26 मई 2026 को अनुराग द्विवेदी के गांव पहुंचने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। सैकड़ों लोगों ने कई दर्जन वाहनों के काफिले के साथ सलेमपुर रेलवे स्टेशन पहुंचकर उनका स्वागत किया। वहां से भव्य जुलूस के रूप में उन्हें उनके पैतृक गांव भैंसही लाया गया। रास्ते भर लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच उनका अभिनंदन किया।गांव पहुंचने पर अनुराग ने सबसे पहले अपने घर के वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनकी माता अपने बेटे की सफलता और गांव आगमन पर भावुक नजर आईं। वहीं गांववासियों के चेहरे पर भी गर्व और खुशी साफ दिखाई दे रही थी।अनुराग द्विवेदी की प्रारंभिक शिक्षा भैंसही स्थित जीवन ज्योति पब्लिक विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने सर्वोदय इंटर कॉलेज, बखरी बाजार से हाईस्कूल तथा जुबली इंटर कॉलेज, गोरखपुर से इंटरमीडिएट की शिक्षा प्राप्त की। उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान कानपुर से अभियंत्रण स्नातक एवं स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की। इससे पूर्व वह उत्तर प्रदेश संयुक्त राज्य सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर जिला पंचायत राज अधिकारी पद पर भी चयनित हो चुके हैं।भैंसही स्थित जीवन ज्योति पब्लिक विद्यालय परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में क्षेत्र के बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत गीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित गिरीशचंद्र तिवारी, पूर्व विधायक आशुतोष उपाध्याय, भाजपा नेता राघवेंद्रवीर विक्रम सिंह, कैप्टन द्विजेंद्र पाण्डेय, सभानंद पाण्डेय, बादल सिंह, राजू मिश्रा, अभिजीत यादव, अनिल यादव, रामनरेश सिंह, व्यास कुशवाहा, प्रमोद यादव, पप्पू सिंह, विनोद पांडेय, बृजेश मिश्र, राजेश कुमार सिंह सहित सैकड़ों लोगों ने अनुराग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर अनुराग द्विवेदी ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों एवं शुभचिंतकों को देते हुए कहा कि मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से हर कठिन परीक्षा को सफलतापूर्वक पार किया जा सकता है। उनकी इस उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं में नई प्रेरणा और ऊर्जा का संचार किया है।
रिपोर्टर: व्यूरो।
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR