पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि, महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी, सौंपा ज्ञापन

पेट्रोलियम पदार्थों की मूल्यवृद्धि, महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ सड़क पर उतरे कांग्रेसी, सौंपा ज्ञापन
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
सलेमपुर, देवरिया।पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों, महंगाई, भ्रष्टाचार तथा समान शिक्षा नीति लागू करने की मांग को लेकर किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सलेमपुर में प्रदर्शन किया। तपती दोपहर में कांग्रेसियों ने डाकबंगला से तहसील कार्यालय तक पदयात्रा निकालकर विरोध जताया तथा राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार हरि प्रसाद को सौंपा।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डाकबंगला से बस स्टेशन, गांधी चौक होते हुए तहसील मुख्यालय तक सद्भावना पदयात्रा निकाली। इसके बाद तहसील परिसर में जनसभा आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा।
सभा को संबोधित करते हुए किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार पांडेय ने कहा कि सरकार ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ाकर आम जनता को महंगाई की मार से बेहाल कर दिया है। उन्होंने कहा कि लोग इस स्थिति से राहत चाहते हैं तथा स्वास्थ्य व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है।
मुख्य अतिथि एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजयशेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि कांग्रेस ने देश के चहुंमुखी विकास के लिए उद्योग-धंधे स्थापित कर लोगों को रोजगार देने का कार्य किया, जबकि वर्तमान सरकार सरकारी संस्थानों और उद्योगों को बेचने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बिना देश का समुचित विकास संभव नहीं है।
पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव चंद्रभूषण पांडेय ने कहा कि देश में समान शिक्षा नीति लागू किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा को इतना महंगा बना दिया है कि गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा से वंचित होते जा रहे हैं।
कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेन्द्र पांडेय ने कहा कि आम जनता भारतीय जनता पार्टी सरकार से ऊब चुकी है और अब कांग्रेस की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता नागेंद्र शुक्ल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के सहयोग से इस निकम्मी सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेंगे।
सभा को जिला उपाध्यक्ष भरत मणि त्रिपाठी, शैलेश दूबे, राजेश मिश्र, विमल मिश्र, मुक्तिनाथ, रजनीश उपाध्याय, प्रह्लाद तिवारी, सरोज पांडेय, परमानंद यादव अधिवक्ता, लालसाहब यादव, रामअशीष गौड़, विनोद दूबे, महेंद्र यादव, आचार्य हरेन्द्र मिश्र, नागेंद्र तिवारी, मनीष रजक, डॉ. रमेश कुशवाहा, पन्नालाल पाठक, परमानंद प्रसाद, गंगासागर मिश्र, उत्तेज मिश्र, जयराम उपाध्याय, प्रमोद श्रीवास्तव, डॉ. नरेंद्र यादव, रोहित यादव, राहुल मिश्र, रामेश्वर कुशवाहा, सुरेंद्र यादव, प्रमोद चौधरी, अशोक कुमार तथा सुजीत कुमार सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।



रिपोर्टर: व्यूरो।

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ