वायरल ऑडियो से मचा हड़कंप! शिक्षक और तहसील प्रशासन की कथित बातचीत पर उठे सवाल
धारा 80 की कार्रवाई को लेकर कथित लेन-देन की चर्चा, जांच की मांग तेज
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो,
कुशीनगर। कसया तहसील से जुड़ा एक कथित वायरल ऑडियो इन दिनों जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। ऑडियो में धारा 80 के तहत जमीन संबंधी कार्रवाई को लेकर कथित बातचीत सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। इस मामले ने तहसील प्रशासन की कार्यप्रणाली के साथ-साथ सरकारी तंत्र की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्रों के मुताबिक वायरल ऑडियो में बातचीत करने वाला व्यक्ति एक इंटर कॉलेज का शिक्षक बताया जा रहा है, जिसका नाम विजय पाण्डेय होने की चर्चा है। दावा किया जा रहा है कि बातचीत में जमीन की पैमाइश, रिपोर्ट लगवाने और कथित “हिसाब-किताब” को लेकर चर्चा हो रही है। हालांकि ऑडियो की स्वतंत्र एवं आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।वायरल कथित बातचीत में 16 कट्ठा जमीन पर कार्रवाई को लेकर संवाद होने की बात सामने आ रही है। चर्चा इस बात की भी है कि रिपोर्ट लगाने जैसी प्रशासनिक प्रक्रिया को लेकर कथित तौर पर आपसी सहमति और लेन-देन की भाषा इस्तेमाल की जा रही है।
मामले के सामने आने के बाद आमजन में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि यदि वायरल ऑडियो सही पाया जाता है तो यह प्रशासनिक व्यवस्था की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। वहीं यह भी सवाल उठ रहा है कि एक शिक्षक की तहसील प्रशासन तक इतनी गहरी पहुंच कैसे बनी।
जानकारों का कहना है कि किसी भी प्रकार का रिश्वत लेना या देना दोनों ही कानूनन अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।हालांकि समाचार पत्र वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता है। मामले की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR