ट्रक की टक्कर से बाइक सवार किशोरी की मौत, दो घायल

दांत दिखाने चिकित्सालय जा रहा था परिवार, गुप्ता पेट्रोल पंप के पास हादसा

पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी, जांच जारी

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, गोरखपुर।

नगर पंचायत सहजनवा के वार्ड नंबर एक जिगिना में सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गुप्ता पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल पर सवार 17 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जिगिना निवासी शिविर सिंह की 17 वर्षीय पुत्री कुमारी अमृता अपने नाना शंकर सिंह तथा एक अन्य युवती के साथ स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से दांत दिखाने चिकित्सालय जा रही थी। मोटरसाइकिल शंकर सिंह चला रहे थे।

करीब 11:30 बजे गुप्ता पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमृता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी युवती तथा मोटरसाइकिल चला रहे शंकर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया। पुलिस ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा मामले की जांच जारी है।