नशे में वाहन चलाने वालों पर यातायात पुलिस का शिकंजा, 70 चालकों का चालान
दो दिवसीय अभियान में 1085 वाहनों की जांच, ओवर स्पीड और बिना नंबर प्लेट वाहनों पर भी
कार्रवाई
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो, गोरखपुर।
निदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक यातायात एवं सड़क सुरक्षा उत्तर प्रदेश के निर्देश के क्रम में 9 एवं 10 मई 2026 को जनपद गोरखपुर में विशेष अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों, ओवर स्पीडिंग करने वाले वाहनों, बिना नंबर प्लेट के डंपर एवं ट्रकों, संशोधित साइलेंसर तथा प्रेशर हॉर्न के विरुद्ध सघन कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में जनपद के राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लिंक एक्सप्रेसवे के विभिन्न टोल प्लाजा पर यह अभियान चलाया गया। यातायात पुलिस टीम ने सड़क पर चलने वाले आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कुल आठ टोल प्लाजा पर सघन जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान मादक पदार्थ अथवा शराब का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच ब्रेथ एनालाइजर मशीन से की गई। इस दौरान कुल 1085 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 70 चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की धाराओं में चालान की कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट के 32 डंपर एवं ट्रकों, ओवर स्पीडिंग में चल रहे 46 वाहनों, 11 प्रेशर हॉर्न तथा तीन संशोधित साइलेंसर वाले वाहनों के विरुद्ध भी सीज एवं चालान की कार्रवाई की गई।यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा सुरक्षित वाहन संचालन करने की अपील की है।


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR