घर से खींचकर युवक को मारी गोली, इलाज के दौरान मौत: नौतन में बढ़ी दहशत
टाइम्स आफ कुशीनगर व्यूरों भाटपार रानी/बनकटा/नौतन। बिहार के सिवान जिले के नौतन थाना क्षेत्र स्थित ठाकुर का रामपुर गांव में शनिवार देर शाम हथियारबंद बदमाशों के हमले में एक युवक की गोली लगने से मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार करीब 25 से 30 की संख्या में बाइक सवार और हथियारबंद अपराधी गांव पहुंचे और एक घर पर हमला बोल दिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे मुन्ना अंसारी उर्फ नसरुल्लाह अंसारी को कथित तौर पर घर से करीब 50 मीटर दूर खींचकर ले जाया गया। पिता को बचाने पहुंचे उनके बेटे बुलेट अंसारी (22 वर्ष) को हमलावरों ने पकड़ लिया और सिर में गोली मार दी।
गोली लगने के बाद घायल युवक को तत्काल नौतन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल सिवान रेफर किया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शव पहुंचते ही फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों का आक्रोश बढ़ गया। ग्रामीणों ने नौतन बाजार के मदन मोड़ पर सड़क जाम कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ और आवागमन बहाल कराया गया।
बताया गया कि जिला पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है तथा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
एक वर्ष से चल रहा था विवाद
मृतक के परिजनों के अनुसार गांव में पिछले करीब एक साल से दो पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर तनाव बना हुआ था। आरोप है कि पहले भी गोलीबारी की घटनाएं हो चुकी थीं और मामला पुलिस तक पहुंचा था।
मृतक बुलेट अंसारी चार भाइयों में सबसे छोटे बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।
पूर्व विधायक का बयान
पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा ने कहा कि सीमा क्षेत्र होने के कारण अवैध गतिविधियों और आपसी वर्चस्व की लड़ाई का असर दिखाई देता है। उन्होंने अपराध पर नियंत्रण के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
रिपोर्टर: व्यूरों
टाइम्स ऑफ कुशीनगर

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR