फाजिलनगर नगर पंचायत उपचुनाव: तैयारियां पूरी, 5 मई को मतदान
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
फाजिलनगर । नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव को लेकर प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान 5 मई को कराया जाएगा। निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कुल 22 बूथ बनाए गए हैं, जिन्हें 9 विद्यालयों में स्थापित किया गया है।
शनिवार को उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल, क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज जयंत यादव, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फाजिलनगर अमित सिंह एवं रिटर्निंग ऑफिसर सर्वेश सिंह गौड़ ने सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने बूथों पर पानी, बिजली और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बताया गया कि प्राथमिक विद्यालय सठियांव में 4 बूथ तथा प्राथमिक विद्यालय पटखौली में 1 बूथ बनाया गया है। इसके अलावा अन्य विद्यालयों में भी बूथ स्थापित किए गए हैं।
फाजिलनगर नगर पंचायत में कुल 18,792 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चुनाव में कुल चार प्रत्याशी मैदान में हैं। भारतीय जनता पार्टी से सुनीता शाही, समाजवादी पार्टी से अवधेश सिंह, एआईएमआईएम से सिराजुद्दीन तथा निर्दल उम्मीदवार केदार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR