करंट लगने से मजदूर की मौत, परिजनों ने लगाया मारपीट का आरोप
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहनापुर के मंठहिया टोला निवासी अमन भारती (पुत्र श्रीनिवास उर्फ सुभाष) के रूप में हुई है, जो एक स्थानीय टेंट हाउस में दिहाड़ी मजदूर के तौर पर काम करता था।
बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब 5 बजे अमन भारती टेंट का सामान उतार रहा था। इसी दौरान एक लोहे का पाइप पास में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से छू गया, जिससे उसे तेज करंट लगा। करंट लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा।घटना के बाद टेंट हाउस मालिक शारदा गुप्ता घायल अमन को तत्काल अपने निजी वाहन से महाराजगंज के केएमसी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने टेंट मालिक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। साथ ही, जब वे अस्पताल पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने शव को वाहन से उतारते समय उनके साथ अभद्रता की। विरोध करने पर मारपीट और गाली-गलौज करने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। परिजन मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR