सीमा पर बड़ी कार्रवाई: 149 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । आबकारी विभाग और 22वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए 149 बोतल अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान तीन तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया।
आबकारी निरीक्षक वैभव कुमार यादव अपनी टीम के साथ ठूठीबारी सीमा क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि दिल्ली नंबर की एक मारुति सुजुकी विटारा ब्रेज़ा कार में हरियाणा निर्मित भारी मात्रा में शराब लदी हुई है, जो बरगदवा की ओर से आ रही है।
सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने एसएसबी बरगदवा के साथ मिलकर ठूठीबारी मार्केट से करीब एक किलोमीटर पश्चिम राजबारी के पास घेराबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध वाहन (DL8C Y 8503) वहां पहुंचा, जिसे रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की सीट के नीचे बनाए गए गुप्त चैंबर से विभिन्न ब्रांड की कुल 149 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई। कार में सवार तीनों व्यक्तियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिले के निवासी धीरेंद्र सिंह, सुधीर कुमार और उमेश कुमार सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि शराब हरियाणा के बल्लभगढ़ से खरीदी गई थी और तस्करी के जरिए बिहार ले जाई जा रही थी।
संयुक्त टीम ने मौके पर ही बरामद शराब को सील कर कब्जे में लिया और वाहन (DL8C Y 8503) को आबकारी अधिनियम की धारा 72 के तहत जब्त कर लिया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR