जिला स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स की बड़ी कार्रवाई, धनंजय उपाध्याय घोषित किए गए भू-माफिया
संयुक्त जांच आख्या में गंभीर आरोपों का उल्लेख
प्रशासनिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध भूमि कब्जाने, जालसाजी, कूटरचना एवं दबंगई के माध्यम से जमीन हड़पने जैसे गंभीर आरोपों से जुड़ी शिकायतें लंबे समय से प्राप्त हो रही थीं। इन शिकायतों के आधार पर उप जिलाधिकारी तमकुहीराज एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज द्वारा संयुक्त जांच कर विस्तृत आख्या तैयार की गई।
जांच आख्या के अनुसार धनंजय उपाध्याय के विरुद्ध थाना पटहेरवा में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज पाए गए, जिनमें मारपीट, बलवा, घर में घुसकर हमला, धमकी देने एवं अन्य गंभीर धाराओं के प्रकरण शामिल हैं। इनमें प्रमुख रूप से मु०अ०सं०-317/2018, मु०अ०सं०-67/2016, मु०अ०सं०-67/2024 तथा मु०अ०सं०-24/2023 शामिल बताए गए हैं।
फर्जी दस्तावेजों और भूमि विवाद का मामला
जांच में यह भी उल्लेख किया गया कि आरोपी के पिता स्वर्गीय रामायण उपाध्याय एवं माता श्रीमती ठागो देवी द्वारा वर्ष 1977 से 2010 के बीच अलग-अलग व्यक्तियों के पक्ष में विधिवत बैनामा किए गए थे। इसके बावजूद वर्ष 2024 में धनंजय उपाध्याय द्वारा कथित रूप से फर्जी इंद्राज के आधार पर उन्हीं बैनामाशुदा जमीनों पर दावा प्रस्तुत कर कब्जे का प्रयास किया गया।
आरोप है कि जब उनका प्रयास सफल नहीं हुआ तो उन्होंने न्यायालय की शरण लेते हुए धारा 164/165 बीएनएस-2023 के अंतर्गत उप जिलाधिकारी तमकुहीराज के न्यायालय में वाद दायर कर संबंधित बैनामा धारकों को परेशान करने और जमीन सरकार द्वारा जब्त कराए जाने की धमकी देकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया।
टास्क फोर्स की बैठक में लिया गया निर्णय
उक्त सभी तथ्यों और संयुक्त जांच आख्या के आधार पर शासनादेश संख्या-402/1-2-2017-1 (सामान्य)/2017 राजस्व अनुभाग-2, लखनऊ दिनांक 01 मई 2017 के प्रावधानों के तहत जिला स्तरीय एंटी भू-माफिया टास्क फोर्स ने धनंजय उपाध्याय को भू-माफिया घोषित करने का निर्णय लिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आगे की विधिक एवं प्रशासनिक कार्रवाई पुलिस एवं राजस्व विभाग द्वारा की जाएगी। साथ ही उसकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में किसी भी प्रकार की अवैध भूमि कब्जेदारी, फर्जीवाड़ा या दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भू-माफियाओं के विरुद्ध अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR