गोरखपुर जेल में बंदियों से मुलाकात की नई व्यवस्था, अब सुबह 7:30 बजे से भी होगी मुलाकात

 गोरखपुर जेल में बंदियों से मुलाकात की नई व्यवस्था, अब सुबह 7:30 बजे से भी होगी मुलाकात

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
गोरखपुर। जिला कारागार प्रशासन ने बंदियों से मुलाकात की व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब परिजन सुबह के समय भी बंदियों से मुलाकात कर सकेंगे। नई व्यवस्था के तहत मुलाकात प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू कर दी गई है।

पहले जेल में मुलाकात की प्रक्रिया 11 बजे के बाद शुरू होती थी, जिससे परिजनों को घंटों इंतजार करना पड़ता था और पूरा दिन प्रभावित हो जाता था। कई बार भीड़ अधिक होने के कारण मुलाकात देर शाम तक चलती थी।

जेल प्रशासन के अनुसार प्रतिदिन 200 से अधिक बंदियों से लगभग 500 लोग मुलाकात करने पहुंचते हैं। अधिक भीड़ और समय की असुविधा को देखते हुए अब सुबह की पाली में भी मुलाकात शुरू करने का निर्णय लिया गया है।

जेल अधीक्षक दिलीप पांडेय ने बताया कि नई व्यवस्था से परिजनों को राहत मिलेगी और मुलाकात प्रक्रिया अधिक सुचारू, व्यवस्थित एवं समयबद्ध होगी। उन्होंने कहा कि इससे भीड़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी और लोगों को अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ