सीएम डैशबोर्ड एवं आईजीआरएस में बेहतर प्रदर्शन को लेकर अधिकारियों को दिए गए आवश्यक निर्देश


विभागीय रैंकिंग में सुधार कर श्रेणी उन्नयन पर दिया गया जोर

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो
देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस तथा विभागीय रैंकिंग की गहन समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का बिंदुवार परीक्षण करते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाकर विभागीय रैंकिंग एवं सीएम डैशबोर्ड की श्रेणी बेहतर करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी योजनाबद्ध ढंग से कार्य करते हुए इस माह अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें तथा विभागीय रैंकिंग और सीएम डैशबोर्ड की श्रेणी में एकरूपता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि जिन विभागों की रैंकिंग अपेक्षाकृत कम है, वे विशेष प्रयास कर प्रगति में सुधार लाएं, जबकि ‘ए’ श्रेणी प्राप्त विभाग अपनी उपलब्धियों में निरंतरता बनाए रखने के लिए गंभीरता एवं पूर्ण मनोयोग से कार्य करें।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम डैशबोर्ड की नियमित समीक्षा संबंधित अधिकारी स्वयं करें। जिन विभागों की प्रगति संतोषजनक नहीं पाई जाएगी, उनके विरुद्ध चेतावनी एवं प्रतिकूल प्रविष्टि जैसी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विद्युत, वन एवं पर्यावरण विभाग को बैठकों में नियमित सहभागिता सुनिश्चित कराने हेतु नोडल अधिकारी नामित करने के निर्देश दिए। वहीं आईसीडीएस विभाग को मातृ एवं शिशु कार्ड का सही अंकन सुनिश्चित कराने तथा संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षित करने के निर्देश भी दिए गए।
आईजीआरएस की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसकी संतुष्टि अथवा असंतुष्टि का विवरण भी पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए। यदि कोई शिकायत त्रुटिवश किसी अन्य विभाग में प्राप्त होती है तो उसे तत्काल संबंधित विभाग को स्थानांतरित किया जाए।
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की समीक्षा में कई आवासों का निर्माण तीन से चार वर्षों से लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित लाभार्थियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की निगरानी अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपने के निर्देश दिए। साथ ही खनन विभाग, सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय तथा परिवहन विभाग को अभियान चलाकर प्रवर्तन कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने एआरटीओ को प्रवर्तन कार्यों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि 15 जून तक सभी विद्यालयी बसों की फिटनेस जांच कर प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। उन्होंने विद्यालय प्रबंधकों से भी अपेक्षा की कि ग्रीष्मावकाश के दौरान सभी वाहनों का अनिवार्य रूप से फिटनेस परीक्षण करा लिया जाए तथा बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के किसी भी विद्यालयी बस का संचालन न किया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी वीके सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व रामशंकर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर:  व्यूरो।

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ