सचिव/सिविल जज (एसडी) देवरिया ने किया राजकीय बाल गृह का औचक निरीक्षण
टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | देवरिया
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देवरिया श्री धनेन्द्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/सिविल जज (एसडी), देवरिया श्रीमती अर्चना द्वारा राजकीय बाल गृह, देवरिया का औचक निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा समय-समय पर उनके उचित खान-पान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने राजकीय बाल गृह के अभिलेखों एवं प्रपत्रों का अवलोकन किया तथा भंडार कक्ष का निरीक्षण कर बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि भोजन निर्धारित मानकों के अनुरूप ही तैयार किया जाए।
श्रीमती अर्चना ने बच्चों को नियमित रूप से ताजे फल उपलब्ध कराने, साफ-सुथरे कपड़े पहनाने तथा परिसर में स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य की नियमित जांच कराने एवं उन्हें नियमित व्यायाम कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने राजकीय बाल गृह परिसर एवं भंडार कक्ष की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों के रहने एवं पढ़ने के वातावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक बनाए रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
रिपोर्टर: ब्यूरो
टाइम्स ऑफ कुशीनगर
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR