मुख्य विकास अधिकारी ने बनकटा में लगाई चौपाल, विकास योजनाओं की प्रगति परखी शिक्षा, आवास, फॉर्मर आईडी, फैमिली आईडी समेत जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मुख्य विकास अधिकारी ने बनकटा में लगाई चौपाल, विकास योजनाओं की प्रगति परखी

शिक्षा, आवास, फॉर्मर आईडी, फैमिली आईडी समेत जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो | 

देवरिया

जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी के निर्देश पर रविवार को मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने विकास खंड बनकटा का भ्रमण कर विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित चौपालों की अध्यक्षता की। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बखरी, हाटा, बगरूआ, सिकटिया दीनाचक तथा विकास खंड मुख्यालय बनकटा में आयोजित चौपालों में ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

चौपाल के दौरान प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कायाकल्प, पंचायत भवन, आंगनबाड़ी केंद्र तथा अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड धारकों, विभिन्न पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों तथा श्रम कार्ड धारकों में पात्र व्यक्तियों को राशन कार्ड से जोड़ने की प्रगति पर भी चर्चा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी ने फैमिली आईडी, फॉर्मर आईडी, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, चारागाह भूमि, अमृत सरोवर, पोषण, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में नए स्वयं सहायता समूहों के गठन, महिला सशक्तिकरण एवं ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में पूरी गंभीरता बरतने तथा शासन की मंशा के अनुरूप कार्यों को धरातल पर उतारने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी, पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ