फरेंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, कचरा वाहन से शव भेजने पर नाराजगी

फरेंदा में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत, कचरा वाहन से शव भेजने पर नाराजगी

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के फरेंदा कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा पुलिस बूथ के पास हुआ, जहां दवा लेने जा रही महिला अज्ञात ट्रक की चपेट में आ गई।


मृतका की पहचान विमला देवी (45) पत्नी स्वर्गीय छेदी, निवासी वार्ड नंबर-2 कल्याणपुरम टोला जगदीशपुर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक वह अपने बेटे के साथ बाइक से दवा लेने जा रही थीं। सुबह करीब 5:30 बजे महराजगंज की ओर जा रहे एक अज्ञात ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे विमला देवी सड़क पर गिर गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पीछे से आ रहे अन्य ट्रकों ने भी उन्हें रौंद दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। हालांकि एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए कचरा ढोने वाली गाड़ी से भेजा गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

लोगों ने स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। वहीं पुलिस अज्ञात ट्रक की तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ