भक्ति का महाकुंभ: 200 साल पुराने धाम में गूंजे मंत्रोच्चार, सात दिन तक आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
फाजिलनगर, कुशीनगर।
ग्राम लछिया देवरिया इन दिनों आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम का केंद्र बना हुआ है। अखिल विश्व गायत्री परिवार एवं शांतिकुंज हरिद्वार के सान्निध्य में श्री सिद्ध सनातन शक्ति धाम (मतवा जी कुटी) में आयोजित सात दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया है।
करीब 200 वर्ष पुराने इस सिद्ध धाम में जैसे ही वैदिक मंत्रोच्चार गूंजे, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। धूप-दीप की सुगंध, भजन-कीर्तन की मधुर ध्वनि और श्रद्धालुओं की आस्था ने हर कोने को पावन बना दिया है। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु इस महोत्सव में भाग लेकर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।
महोत्सव के अंतर्गत आदिशक्ति वेदमाता गायत्री, राधा-कृष्ण, बालाजी हनुमान, शनिदेव, कालभैरव, कूर्मदेव एवं बासुकीनाग भगवान की विधिवत प्राण-प्रतिष्ठा की जा रही है। यह आयोजन केवल मूर्तियों की स्थापना तक सीमित नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण का संकल्प बनकर उभर रहा है।
इस भव्य आयोजन के पीछे अवधेश पाण्डेय का समर्पण प्रमुख रूप से दिखाई देता है, जो अपने पिता स्व. रामहर्ष पाण्डेय की स्मृति में धाम की खोई दिव्यता को पुनः स्थापित करने में जुटे हैं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रणव पंड्या एवं शैलबाला पंड्या के आशीर्वाद से संपन्न हो रहा है।
शांतिकुंज से आई टोली, जिसमें भास्कर तिवारी, श्याम जी एवं हरिदास जी प्रमुख हैं, पूरे अनुष्ठान को विधि-विधान से संपन्न करा रही है। आयोजन की शुरुआत गणेश पूजन एवं सत्यनारायण कथा से हुई, जिसके बाद अधिवास, पूजन-अर्चन, गायत्री यज्ञ, भजन संध्या, दीपयज्ञ एवं अखंड जाप जैसे कार्यक्रम लगातार जारी हैं।
धाम के व्यवस्थापक स्वामी बैरागी जी ने बताया कि 4 मई को 9 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ एवं विशाल भंडारे के साथ इस महोत्सव की पूर्णाहुति होगी, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
गांव के कैलाश मिश्र, पारस मिश्र, सत्यप्रकाश मिश्र, त्रियुगी नारायण पाण्डेय सहित दर्जनों ग्रामीण तन-मन-धन से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हैं। पूरा गांव एक परिवार की तरह इस आयोजन में भागीदारी निभा रहा है।
यह महोत्सव केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के ‘युग निर्माण’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम भी बन रहा है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR