राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज: नोडल अधिकारी ने प्रशासन व पुलिस के साथ की बैठक

 राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियां तेज: नोडल अधिकारी ने प्रशासन व पुलिस के साथ की बैठक

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

कुशीनगर


आगामी 9 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज इफराक अहमद तथा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ आवश्यक रणनीति पर चर्चा की।

यह बैठक उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी के आदेशानुसार आयोजित की गई।

बैठक में नोडल अधिकारी इफराक अहमद ने उपजिलाधिकारी पडरौना आशुतोष यादव एवं क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह को निर्देशित किया कि अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए, ताकि राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकतम लाभ आमजन को मिल सके।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि राजस्व, फौजदारी, स्टाम्प वाद सहित अन्य लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करें। साथ ही क्षेत्राधिकारी सदर को निर्देश दिए गए कि भेजे जा रहे नोटिसों का शत-प्रतिशत तामिला सुनिश्चित कराया जाए, जिससे अधिकाधिक वादकारी लोक अदालत में उपस्थित होकर अपने मामलों का निस्तारण करा सकें।

बैठक में अधिकारियों ने लोक अदालत की सफलता के लिए समन्वय बनाकर कार्य करने पर बल दिया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ