बरहज नगर की रेलवे सड़क का लोकार्पण, नाला निर्माण कार्य का भी हुआ शिलान्यास
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
बरहज/देवरिया। बरहज नगर को विकास की दिशा में एक और बड़ी सौगात मिली। बहुप्रतीक्षित रेलवे सड़क का लोकार्पण एवं रेलवे नाला दक्षिण पटरी निर्माण कार्य का शिलान्यास केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री एवं सांसद कमलेश पासवान द्वारा सोमवार को फीता काटकर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे सड़क का निर्माण कार्य पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर विकास योजना के तहत स्वीकृत हुआ था, जिसकी कुल लागत 1 करोड़ 2 लाख 34 हजार रुपये है। लंबे समय से नगरवासियों द्वारा इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण पूरा होने से नगर क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा, साथ ही स्थानीय व्यापार और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
इसके साथ ही नगरीय सीवरेज एवं जलनिकासी योजना के अंतर्गत स्वीकृत रेलवे नाला दक्षिण पटरी निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। लगभग 90 लाख 98 हजार रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना के पूर्ण होने पर बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से राहत मिलने और जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई गई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनहित एवं विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य कर रही है तथा नगर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के सहयोग की सराहना भी की।
इस अवसर पर श्वेता जायसवाल, श्याम जायसवाल, संजय सिंह, नरेन्द्र मिश्र, अंगद तिवारी, निरुपमा प्रताप, आलोक वर्मा, अवनीश राय, मनोज गुप्ता, संतोष गहमरी, धर्मवीर सिंह, नवाब हुसैन, उमेश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्टर: पवन कुमार पाण्डेय
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR