आकांक्षात्मक विकास खण्ड विशुनपुरा की प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

आकांक्षात्मक विकास खण्ड विशुनपुरा की प्रगति समीक्षा बैठक सम्पन्न, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

कुशीनगर। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आकांक्षात्मक विकास खण्ड विशुनपुरा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं एवं विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

समीक्षा के दौरान शिक्षा, कृषि, बाल विकास, स्वास्थ्य, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) समेत अन्य विभागों की प्रगति का बिंदुवार मूल्यांकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में कम सीएचओ तैनाती पर जताई नाराजगी

बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान बताया गया कि निर्धारित 41 सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) के सापेक्ष केवल 12 की तैनाती है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए रिक्त पदों को शीघ्र भरने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति सुधारने के निर्देश

बाल विकास विभाग की समीक्षा में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों के नामांकन की स्थिति कमजोर पाए जाने और कार्यों में उदासीनता पर नाराजगी जताई गई। संबंधित सीडीपीओ को नामांकन बढ़ाने, योजनाओं का लाभ बच्चों तक पहुंचाने एवं केंद्रों के नियमित संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों में शौचालयों एवं आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा गया। वहीं प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए रिक्त पदों को भरने तथा शिक्षण व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया।

किसान सम्मान निधि, टीकाकरण व स्वयं सहायता समूहों की भी हुई समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वयं सहायता समूह गठन, वीसी सखी कार्यक्रम, टीकाकरण अभियान एवं अन्य विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विकास खण्ड एवं जनपद स्तर पर नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समय रहते समाधान किया जा सके। साथ ही निरीक्षण एवं सर्वे के दौरान ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पांडेय, उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह, जिला पंचायतराज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी सहित जनपद एवं विकास खण्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।



रिपोर्टर: ब्यूरो 

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ