एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

 एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, दो गिरफ्तार

टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। साइबर ठगी और एटीएम कार्ड बदलकर लोगों के खाते से रुपये उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का श्यामदेउरवा पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 45 हजार रुपये नकद, 34 विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड, दो मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान प्रदीप कुमार पासवान व संदीप पासवान निवासी मोहरीपुर थाना चिलुआताल जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम पिपरपाती से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त पहले एटीएम बूथों की रेकी करते थे। इसके बाद सुनसान स्थानों पर लोगों की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लेते थे और बाद में खाते से रुपये निकाल लेते थे। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और घटनाओं की जानकारी जुटा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ