बारिश के बीच डीएम का औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था की परखी हकीकतअनुपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों पर जताई नाराजगी, तीन दिन में मांगा स्पष्टीकरणकस्तूरबा विद्यालय में स्वच्छता, पठन-पाठन और छात्राओं की सुविधाओं का लिया जायजाटाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरो, देवरिया। जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शुक्रवार सुबह बारिश के बीच भाटपाररानी तहसील क्षेत्र स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, साफ-सफाई, दवा वितरण, कर्मचारियों की उपस्थिति तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
सुबह लगभग 8:03 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी पहुंचे जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, दवा वितरण रजिस्टर, ओपीडी, वार्ड एवं अन्य अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्वास्थ्य एवं संविदा कर्मी अनुपस्थित पाए गए। वहीं आरबीएसके टीम भी मौके पर मौजूद नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में सुधार स्पष्ट दिखना चाहिए, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी।इसी दौरान प्रसव के लिए अस्पताल पहुंची एक गर्भवती महिला के मदर-चाइल्ड प्रोटेक्शन (एमसीपी) कार्ड का निरीक्षण करने पर वह अधूरा पाया गया। जिलाधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि आशा कार्यकर्ताओं को एमसीपी कार्ड के संबंध में पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं दिया गया है अथवा उनकी नियमित मॉनिटरिंग नहीं हो रही है। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाए तथा संबंधित नोडल अधिकारियों, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित कराया जाए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भाटपाररानी का निरीक्षण किया। उन्होंने छात्राओं से संवाद कर पठन-पाठन की स्थिति एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। छात्राओं से प्रश्न पूछकर उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता का भी आकलन किया।जिलाधिकारी ने नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी कस्तूरबा विद्यालयों में नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक आयोजित कराने के निर्देश दिए, ताकि अभिभावकों को शिक्षा के महत्व तथा शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी मिल सके।निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शौचालयों में लगी टाइल्स क्षतिग्रस्त पाई गईं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
रिपोर्टर: अजय त्रिपाठी
टाइम्स ऑफ कुशीनगर


0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR