प्रेमी से शादी और पति के साथ रखने की मांग को लेकर 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ीं दो डांसर

प्रेमी से शादी और पति के साथ रखने की मांग को लेकर 200 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ीं दो डांसर
टाइम्स ऑफ महराजगंज ब्यूरों
महराजगंज । जनपद में  उस समय हड़कंप मच गया, जब दो आर्केस्ट्रा डांसर करीब 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गईं। दोनों युवतियों ने अपनी-अपनी पारिवारिक और प्रेम संबंधी मांगों को लेकर यह कदम उठाया।
जानकारी के अनुसार, एक युवती का प्रेमी फिलहाल जेल में बंद है। उसने मांग रखी कि उसकी शादी उसके प्रेमी से कराई जाए। वहीं दूसरी युवती ने आरोप लगाया कि उसके पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया है। उसने कहा कि जब तक उसका पति उसे पत्नी के रूप में साथ रखने का लिखित आश्वासन नहीं देगा, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी।
घटना नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सरोजनी नगर वार्ड स्थित सूचना कार्यालय के पास की बताई जा रही है। सुबह करीब 6 बजे दोनों युवतियां टावर पर चढ़ीं। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया।
करीब साढ़े सात घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान पुलिसकर्मी लगातार फोन पर दोनों को समझाने का प्रयास करते रहे। इस बीच एक युवती ने टावर पर बैठे-बैठे अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर रील बनाकर पोस्ट भी की, जो आसपास मौजूद लोगों में चर्चा का विषय बनी रही।

दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस और अन्य लोगों ने टावर पर चढ़कर दोनों से बातचीत की। काफी देर तक समझाने और उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद दोनों युवतियां नीचे उतरने को तैयार हुईं।
सुरक्षित नीचे उतरने के बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की गई। घटना को लेकर इलाके में पूरे दिन लोगों की भीड़ जुटी रही।



रिपोर्टर: यहाँ नाम लिखें

टाइम्स ऑफ कुशीनगर

खबर शेयर करें:

WhatsApp Facebook

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ