कलक्ट्रेट सभागार में स्थानांतरित जिलाधिकारी को भावभीनी विदाई

 कलक्ट्रेट सभागार में स्थानांतरित जिलाधिकारी को भावभीनी विदाई

बुके व स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया सम्मानित

“देवरिया में मिला प्रेम और स्नेह जीवनभर रहेगा याद” — डीएम

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो

देवरिया। जनपद से स्थानांतरित जिलाधिकारी दिव्या मित्तल को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित एक गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं द्वारा उन्हें बुके एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


विदाई समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी श्रीमती मित्तल ने कहा कि देवरिया में मिला प्रेम और स्नेह कभी भुलाया नहीं जा सकता। यहां का अपनापन और सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। उन्होंने जनपद के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके निष्ठापूर्ण कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि देवरिया में एक सशक्त और समर्पित टीम कार्य कर रही है, जो अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करती है। जनपद के लोगों का स्नेह और विश्वास उनके लिए सौभाग्य की बात है।

समारोह में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राम शंकर, उपजिलाधिकारी सलेमपुर दिशा श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी बरहज हरिशंकर लाल, उपजिलाधिकारी रुद्रपुर अवधेश निगम, उपजिलाधिकारी भाटपाररानी रत्नेश तिवारी, तहसीलदार सदर के.के. मिश्र सहित अन्य अधिकारियों ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला।

वक्ताओं ने कहा कि जिलाधिकारी का सदैव सकारात्मक मार्गदर्शन एवं सहयोग मिला, जिससे प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन में मजबूती आई।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं की ओर से प्रीतम मिश्र, केशरी नंदन पाण्डेय, प्रेम नारायण मणि त्रिपाठी, प्रियंका सिंह एवं हरीश चन्द्र यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन डीजीसी नवनीत मालवीय द्वारा किया गया।

इस अवसर पर विकास एवं राजस्व विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, अधिवक्ता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ