अभिलेख सत्यापन हेतु 8 मई को बीएसए कार्यालय में उपस्थित हों चयनित अभ्यर्थी
टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो
कुशीनगर।जनपद कुशीनगर में अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर बेसिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक पदों पर चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रामजियावन मौर्य ने बताया कि उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूल (अध्यापक भर्ती एवं सेवा की शर्तें) (सातवां संशोधन) नियमावली-2019 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की विद्यालय आवंटन सूची प्राप्त हो चुकी है।
उन्होंने अवगत कराया कि शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा दिनांक 30 अप्रैल 2026 को जारी पत्र के माध्यम से अनंतिम सूची में शामिल अभ्यर्थियों का विवरण ई-मेल द्वारा उपलब्ध कराया गया है। साथ ही निर्देश दिए गए हैं कि नियमानुसार अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन कर नियुक्ति प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
बीएसए ने बताया कि वर्ष 2021 की परीक्षा (संशोधित परिणाम दिनांक 06 सितंबर 2022) के अंतर्गत चयनित एवं जनपद कुशीनगर आवंटित अभ्यर्थियों को निर्देशित किया जाता है कि वे अपने समस्त शैक्षिक, प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों के मूल दस्तावेजों सहित 08 मई 2026 को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, कुशीनगर में उपस्थित होकर अभिलेखों का परीक्षण/सत्यापन कराएं।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने की स्थिति में संबंधित अभ्यर्थी स्वयं उत्तरदायी होंगे।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR