नदी में नहाने गए युवक के डूबने से सनसनी, नहीं मिल रहा सुराग
टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज । जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां राप्ती नदी में नहाने गए एक युवक के डूबने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद से युवक लापता है और देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे गांव के तीन युवक राप्ती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे।
डूबने वाले युवक की पहचान सुनील उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र महावीर उपाध्याय, निवासी धानी गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तेज गर्मी से राहत पाने के लिए युवक अपने दोस्तों के साथ नदी में नहाने गया था।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल खोजबीन शुरू की, लेकिन कई घंटों की मशक्कत के बावजूद युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया। ग्रामीणों का कहना है कि राप्ती नदी के इस हिस्से में अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिससे अनजान लोग अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं।
वहीं, परिजनों में रो-रोकर बुरा हाल है। युवक की बहन ने आरोप लगाया कि घटना के करीब तीन घंटे बाद भी एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंची, जिससे बचाव कार्य में देरी हो रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश जारी है। प्रशासन द्वारा एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दे दी गई है।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR