महराजगंजः पूर्व कर्मियों ने समायोजन की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

पूर्व कर्मियों ने समायोजन की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । उत्तर प्रदेश कृषि विविधीकरण परियोजना (उद्यान घटक) के पूर्व कर्मियों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी को ज्ञापन सौंपकर अपने समायोजन की मांग उठाई। उन्होंने मदरसा आधुनिकीकरण योजना के शिक्षकों की तर्ज पर विभाग में समायोजित किए जाने की अपील की।

ज्ञापन में कर्मियों ने बताया कि विश्व बैंक पोषित इस परियोजना के तहत वर्ष 1998-99 में विभिन्न आदेशों के माध्यम से उनकी नियुक्ति की गई थी और वे लंबे समय तक नियमित रूप से कार्यरत रहे। लेकिन 31 मार्च 2005 को परियोजना बंद होने के बाद सभी कर्मी बेरोजगार हो गए। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद और लखनऊ खंडपीठ में याचिकाएं दायर कीं, जिन पर न्यायालय ने उनके पक्ष में निर्णय दिया।

कर्मियों के अनुसार, 9 अप्रैल 2015 को उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में तत्कालीन उद्यान मंत्री ने निर्देश जारी करते हुए संविदा पर कार्य कर चुके कर्मियों के अनुभव को ध्यान में रखते हुए रिक्त पदों पर समायोजन की प्रक्रिया शुरू करने को कहा था। इसी क्रम में 10 जून 2015 को तत्कालीन निदेशक द्वारा एक प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया था।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में उद्यान विभाग द्वारा माइक्रोइरिगेशन, आरकेवीवाई, पान विकास योजना और स्पेशल कंपोनेंट प्लान जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीकी रूप से दक्ष कर्मियों की आवश्यकता है। कर्मियों का कहना है कि यदि उन्हें नियमानुसार रिक्त पदों पर समायोजित किया जाता है, तो योजनाओं के बेहतर संचालन के साथ किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कर्मियों को नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान सुरेन्द्र पटेल, शिवम पतालिया, आदि लोग मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ