महराजगंजः खेत में मिला महिला का अधजला शव, इलाके में सनसनी

खेत में मिला महिला का अधजला शव, इलाके में सनसनी

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चन्द्रौली गांव में बुधवार सुबह एक महिला का जला हुआ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सुबह ग्रामीणों ने बड़ी नहर के पश्चिम दिशा में स्थित राजा राम सिंह के खेत में एक जला हुआ शव पड़ा देखा। यह दृश्य देखते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

ना पर श्यामदेउरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) अंकुर गौतम भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष है, लेकिन शव बुरी तरह जला होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की।

फिलहाल पुलिस शव की पहचान कराने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ