अनफिट स्कूली वाहनों व मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला प्रशासन का डंडा, 32 वाहनों का चालान

 अनफिट स्कूली वाहनों व मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला प्रशासन का डंडा, 32 वाहनों का चालान

टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों

कुशीनगर।जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्ती दिखाते हुए अनाधिकृत व अनफिट स्कूली वाहनों तथा मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान कुल 32 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 3 वाहनों को सीज़ कर थाने में खड़ा कराया गया। कार्रवाई में 2.61 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क भी वसूला गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी मु. अजीम ने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चलाए गए इस अभियान में 11 स्कूली वाहनों पर कार्रवाई की गई। ये वाहन या तो मानकों के अनुरूप नहीं थे या बिना अनुमति बच्चों का परिवहन कर रहे थे। इनमें से 3 वाहनों को रामकोला व कप्तानगंज थानों में निरुद्ध किया गया।

वहीं, ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ भी अभियान के तहत 10 मोटरसाइकिलों की जांच की गई, जिनमें 2 पर मॉडिफाइड साइलेंसर पाए गए। इन वाहनों के खिलाफ भी चालान की कार्रवाई की गई।

इसके अलावा बिहार से दिल्ली के बीच संचालित 2 अनाधिकृत बसों पर भी परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चालान किया।

परिवहन विभाग द्वारा जनपद के सभी विद्यालयों को पोर्टल से जोड़कर स्कूली वाहनों का निरीक्षण व भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश संबंधित विद्यालय प्रबंधन को दिए गए हैं।

अपील:
प्रशासन ने अभिभावकों व विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि बच्चों के सुरक्षित परिवहन के लिए केवल मानक व फिट वाहनों का ही उपयोग सुनिश्चित करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ