प्रधानों का प्रदर्शनः चुनाव टलने पर प्रशासक बनाने व मनरेगा भुगतान की मांग
टाइम्स आफ कुशीनगर ब्यूरों
महराजगंज। प्रधान संघ के जिला अध्यक्ष अनिल कुमार जोशी के नेतृत्व में सोमवार को सैकड़ों ग्राम प्रधानों ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी को ज्ञापन सौंपकर दो प्रमुख मांगें उठाईं। यह ज्ञापन मंत्री के महराजगंज स्थित कैंप कार्यालय पर दिया गया।
प्रधानों ने मांग की कि यदि पंचायत चुनाव समय पर नहीं हो पाते हैं, तो वर्तमान प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त किया जाए। उनका कहना था कि इससे पंचायतों में विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी और स्थानीय स्तर पर जवाबदेही भी सुनिश्चित होगी। उन्होंने यह भी तर्क दिया कि बाहरी प्रशासकों की नियुक्ति से विकास कार्यों की गति और पारदर्शिता प्रभावित होती है।
इसके अलावा, प्रधानों ने मनरेगा के तहत सामग्री मद के लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि पिछले करीब दो वर्षों से भुगतान रुका हुआ है, जिससे पंचायतों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। इस देरी से प्रधानों और आपूर्तिकर्ताओं को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।प्रधानों ने सरकार से मांग की कि इन दोनों मुद्दों पर शीघ्र निर्णय लेकर पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को गति दी जाए।

0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR