स्कूली वाहनों पर सख्ती: 103 की जांच, 8 मानक से बाहर

स्कूली वाहनों पर सख्ती: 103 की जांच, 8 मानक से बाहर

कुशीनगर, ब्यूरो।

जनपद में स्कूली वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सख्त नजर आ रहा है। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत रविवार को विभिन्न तहसीलों में शिविर लगाकर स्कूली वाहनों की व्यापक जांच की गई, जिसमें कुल 103 वाहनों का भौतिक परीक्षण किया गया।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी मो. अजीम के नेतृत्व में सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस अभियान में प्रथम चरण के तहत पडरौना तहसील स्थित परिवहन कार्यालय रविन्द्रनगर (धूस) तथा कसया तहसील क्षेत्र के लीलावती देवी स्टेडियम और पावा नगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर में निरीक्षण शिविर आयोजित किए गए। निरीक्षण कार्य सम्भागीय निरीक्षक (प्राविधिक) आर.डी. प्रसाद वर्मा और यात्रीकर अधिकारी बलवन्त सिंह के पर्यवेक्षण में सम्पन्न हुआ।

जांच के दौरान 103 वाहनों में से 95 वाहन शासन द्वारा निर्धारित मानकों पर खरे पाए गए, जिनका विवरण संबंधित पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया। वहीं 8 वाहन मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित विद्यालय प्रबंधन को तीन दिन के भीतर कमियां दूर कर पुनः निरीक्षण के लिए वाहन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी स्कूली वाहन मानकों के विपरीत संचालित पाया गया, तो उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान के साथ-साथ वाहन को निरुद्ध (बंद) करने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों व प्राचार्यों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।

अभियान के दौरान बलवन्त सिंह, आर.डी. प्रसाद वर्मा, अरविन्द कुमार वर्मा, कफील अहमद, आर.पी. सिंह, राहुल सिंह, बासुदेव यादव, मुख्तारूल हसन, रंजीत कुमार वर्मा, रमेश मिश्रा, रामसूरत समेत प्रवर्तन दल के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ