मेडल व प्रमाण पत्र के साथ मेधावियों का सम्मान, हाईस्कूल में निगिता व इंटर में मोनू रहे अव्वल

मेडल व प्रमाण पत्र के साथ मेधावियों का सम्मान, हाईस्कूल में निगिता व इंटर में मोनू रहे अव्वल

टाइम्स ऑफ़ कुशीनगर ब्यूरो 

कसया, कुशीनगर।

यूपी बोर्ड हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्रों को कसया नगर स्थित निरंकारी इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में सम्मानित किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मेधावियों को घड़ी, मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक रजनीकांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि छात्रों की सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने मेधावियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विशिष्ट अतिथि भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रप्रभा पाण्डेय ने छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जिला महामंत्री रुपम सिंह ने भी छात्रों के प्रयासों की सराहना की।

परिणाम में हाईस्कूल वर्ग में निगिता मद्धेशिया ने 91 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। निलेश कश्यप 88 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और उदय प्रताप सिंह 87 प्रतिशत के साथ तृतीय स्थान पर रहे। इंटरमीडिएट में मोनू वर्मा ने 81 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान पाया। चंदा खातून 79 प्रतिशत के साथ द्वितीय तथा कुमकुम गौतम 78 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहीं।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक मनोज कुमार चौरसिया, आर.एन. पटेल, मंजू मौर्य, देवेंद्र नाथ पाण्डेय, संजय श्रीवास्तव, शुभम सिंह, अर्चना, मरियम सहित अन्य शिक्षक, अभिभावक व कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन धीरेन्द्र त्रिपाठी ने किया। अंत में प्रधानाचार्य अवधेश कुमार चौरसिया ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ