एम.आर.ए.के. इंटर कॉलेज में गूंजा ‘रोबोटिक्स’ का शोर, विद्यार्थियों ने सीखे तकनीक और AI के गुर

 इंटर कॉलेज में गूंजा ‘रोबोटिक्स’ का शोर, विद्यार्थियों ने सीखे तकनीक और AI के गुर

 टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरो

महराजगंज। धानी बाजार स्थित एम.आर.ए.के. (महेश राम अशोक कुमार) कन्या इंटर कॉलेज में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई। विद्यालय परिसर में कंप्यूटर, रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘रोबोटिक्स इरा’ (गोरखपुर) द्वारा विशेष प्रशिक्षण प्रदर्शनी एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख छटू सिंह, स्टेट बैंक धानी के शाखा प्रबंधक चंदन मद्धेशिया, संतोष दुबे, प्रधानाचार्य राकेश कुमार पांडे तथा विद्यालय प्रबंधक परमात्मा अग्रहरि, अर्जुन अग्रहरि व विकास अग्रहरि द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। अतिथियों ने विद्यालय की आधुनिक सोच और इस पहल की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यशाला में कक्षा 3 से लेकर इंटरमीडिएट तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने रोबोट डिजाइनिंग, कोडिंग, प्रोग्रामिंग और तकनीकी नवाचार के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। लाइव मॉडल्स के माध्यम से विद्यार्थियों को समझाया गया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रोबोटिक्स भविष्य में किस प्रकार जीवन को सरल और प्रभावी बना सकते हैं।

प्रदर्शनी एवं प्रशिक्षण सत्र के उपरांत विद्यार्थियों की समझ का मूल्यांकन करने के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

विद्यालय प्रबंधन ने भविष्य में भी इस प्रकार के तकनीकी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ