महराजगंजः धानी में अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, नीचे दबे चालक को ग्रामीणों ने बचाया

अनियंत्रित होकर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, नीचे दबे चालक को ग्रामीणों ने बचाया

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज ।जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत धानी में शनिवार को एक बड़ा हादसा सामने आया। सिंचाई विभाग कार्यालय के समीप ढलान से उतरते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक ट्रैक्टर के नीचे दब गया, जिसे स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही सिंचाई विभाग कार्यालय के पास स्थित ढलान से नीचे उतर रही थी, चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और चालक उसके नीचे दब गया।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैक्टर को उठाकर चालक को बाहर निकाला। उनकी तत्परता के चलते एक बड़ी अनहोनी टल गई।

गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल धानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अगर समय पर राहत नहीं मिलती तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। घटना के बाद प्रशासन द्वारा वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ