होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25-27 अप्रैल को 11 केंद्रों पर होगी परीक्षा

 होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 25-27 अप्रैल को 11 केंद्रों पर होगी परीक्षा

टाइम्स आफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज। 22 अप्रैल 2026। होमगार्ड भर्ती परीक्षा-2025 को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित कर परीक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

Dm mahrajganj

जिलाधिकारी ने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भर्ती बोर्ड के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ कराई जा सके। उन्होंने सभी 11 परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण अनिवार्य रूप से करने और किसी भी कमी को समय रहते दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा केंद्रों पर साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मेडिकल टीम की उपलब्धता और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षार्थियों के सामान रखने के लिए प्रवेश द्वार के पास ही क्लॉक रूम बनाने और परीक्षा कक्षों में दीवार घड़ी लगाने को भी कहा गया। केंद्रों के आसपास अतिक्रमण हटाने और अभ्यर्थियों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली रोकने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने नकलविहीन परीक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर निगरानी रखने, अफवाहों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने को कहा। किसी भी गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ