खरीफ-2026 के लिए निःशुल्क बीज मिनीकिट व अनुदानित बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू
टाईम्स आफ कुशीनगर व्यूरों
देवरिया। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत खरीफ-2026 सीजन के लिए किसानों को निःशुल्क बीज मिनीकिट एवं अनुदानित बीज उपलब्ध कराने हेतु ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी उदय शंकर सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कृषि निदेशालय, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा बीज वितरण प्रणाली में बदलाव किया गया है, जिससे किसानों के बीच पारदर्शी और समान वितरण सुनिश्चित हो सके। नई व्यवस्था के तहत किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की अग्रिम ऑनलाइन बुकिंग करेंगे। यदि आवेदन निर्धारित लक्ष्य से अधिक होते हैं, तो लाभार्थियों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।
चयनित किसान अपने विकास खंड स्थित राजकीय कृषि बीज भंडार से पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर निःशुल्क मिनीकिट प्राप्त करेंगे। वहीं, अनुदानित बीज लेने के लिए किसानों को निर्धारित कृषक अंश जमा करना होगा।
जनपद में निःशुल्क वितरण हेतु अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली, तिल एवं श्रीअन्न के मिनीकिट उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा सामान्य वितरण के लिए ढैंचा, धान, अरहर, मूंग, उड़द तथा संकर बीज (मक्का एवं धान) अनुदान पर उपलब्ध होंगे।
बीजों की ऑनलाइन बुकिंग 22 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक किसान कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://agriculture.up.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।
0 टिप्पणियाँ
टिप्पणी करने के लिए आप को धन्यबाद!
.................................TIMES OF KUSHINAGAR