महराजगंज में संदिग्ध हालात में गर्भवती विवाहिता की मौत,

मायके पक्ष ने लगाया हत्या व दहेज उत्पीड़न का आरोप

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र के करमहवा बुजुर्ग गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सोमवार को तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनकटी ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान करिश्मा के रूप में हुई है, जो करीब पांच माह की गर्भवती थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और ससुराल पक्ष पर हत्या तथा दहेज उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया। मायके वालों का कहना है कि करिश्मा को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था।

सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) फरेंदा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन देते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हर पहलू से छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि करिश्मा ने करीब पांच वर्ष पूर्व विजय के साथ कोर्ट मैरिज की थी। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ