महाराजगंज में भीषण सड़क हादसाः दो बाइकों की टक्कर में तीन गंभीर घायल, एंबुलेंस देरी पर ग्रामीणों में आक्रोश

दो बाइकों की टक्कर में तीन गंभीर घायल, एंबुलेंस देरी पर ग्रामीणों में आक्रोश

टाइम्स आँफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में मंगलवार को मैनहवा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने तत्काल 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को सूचना दी। हालांकि, आरोप है कि एंबुलेंस करीब आधे घंटे की देरी से मौके पर पहुंची, जिससे घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिल सका।

सीएचसी में भर्ती, हालत गंभीर

एंबुलेंस के पहुंचने के बाद तीनों घायलों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई है। चिकित्सकों की टीम लगातार उनके उपचार में जुटी हुई है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

ग्रामीणों में नाराजगी, सुधार की मांग

एंबुलेंस सेवा में देरी को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि समय पर एंबुलेंस पहुंच जाती, तो घायलों को तत्काल इलाज मिल सकता था। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से एंबुलेंस सेवाओं में सुधार की मांग की है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ