बहन को प्रेमी संग देखने पर भाई बना हैवान, पीट-पीटकर हत्या

 टाइम्स ऑफ कुशीनगर ब्यूरों

महराजगंज । जनपद के पनियरा थाना क्षेत्र के भवानीपुर टोला अमहिया में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां संगीता नामक युवती की उसके ही भाइयों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी भाई समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, संगीता का भाई कमलेश अपनी मां के साथ रिश्तेदारी में गया हुआ था। देर रात घर लौटने पर उसने अपनी बहन को रवि कुमार नामक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध थे।

इस बात से गुस्साए कमलेश ने अपने भाइयों अमलेश और दुर्गेश को मौके पर बुला लिया। तीनों ने मिलकर संगीता और रवि को कमरे में बंद कर दिया और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया।इस निर्मम पिटाई में संगीता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रवि कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल का शॉकर रॉड भी बरामद कर लिया है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।